हुकुम सिंह जी !!!एक बनता हुआ भक्त आपको पहला खत लिख रहा है |

हुकुम  सिंह  जी !!
जय श्री राम !!
बधाई हो  !!!
आपके कैराना कार्ड ने सबको चित्त कर दिया है |सूबे  की पूरी सियासत में बवेला ला दिया है  |अखबारों के पन्नों पर कैराना है |स्क्रीन की बतकही में कैराना है |फलाने के   'कह -कहो में कैराना है | ढिकाने की  फुसफुसाहट  में कैराना है |डीएम की रिपोर्ट में कैराना है |गवर्नर के सपोर्ट में कैराना है | सपा -बसपा आपको सब घुग्घू जैसा ताक  रहे हैं | मुद्दा  ये है कि मलेक्षों के टेरर से  हिन्दू भाग रहे हैं | अमित शाह आप  पर लट्टू हैं |साध्वियां आपकी पट्टू हैं | टीवी पर आप संगीत सोम का अवतार बनकर उभरे  हैं |लोगों में आप महाराणा  का किरदार  बनकर ख़बरें  हैं |राजनीतिक लिहाज से आपकी टाइमिंग  परफेक्ट है |अयोध्या  ,दादरी ,कैराना से सत्ता मिलती गिफ्ट है |मैं अयोध्या से आपको ताड़ने में जुटा हूँ |और पार्टी विथ डिफ़रेंस की  इन्ही अदाओं पर  फ़िदा हूँ |
आप भक्तों को एक बात बता दीजिये  |आगे बढ़ने के गुप्त तरीके समझा दीजिये |1974  से आप कैराना में राजनीति कर रहे हैं |ख़ास कुछ उखाड़ नहीं पाये लेकिन  |एक रात संगीत सोम आपके सपनों में प्रकट हुए  -एक हाँथ में मलेक्ष का सर दूसरे हाँथ धर्म की स्थापना के लिए बरछी  और माथे पर लिखा -गर्व से कहो हम हिन्दू हैं | बोले, देखो वत्स !!उखाड़ना राजनीति में  एक कला है |उसके लिए कुर्बानी चाहिए |अरे डर मत !! अपनी नहीं ,जनता की |उखाड़ने के मामले में तुम अभी बच्चे हो |सीखो ,कैसा उखाड़ा जाता है | मुजफ्फर नगर कैम्पेन   (दंगों ) के पहले हमे कौन जानता था | लोकसभा चुनाव से पहले मुजफ्फर नगर में हमने अच्छों -अच्छों की उखाड़ दी | श्री राम की कृपा से कैम्पेन सफल हुआ और हमे भी सफल कर गया |तब जाकर हमे 'मान' मिला |पार्टी में 'सम्मान; मिला |देखो प्रिय ,भाजपा चलताऊ पार्टियों से अलग  पार्टी विथ  डिफ़रेंस  है | भगवान ने सबको कल्याण  तक पहुंचा देने के लिए हमे भेजा है | इस  पार्टी में आगे बढ़ने के अपने तरीके हैं |और उसी रात आपको नरेंद्र मोदी का जीवन चरित सुना गए आदि आदि |" उस रात से लेकर अब तक आप  उखाड़ने में बिजी हैं |सही गए आप |बहुत कुछ उखाड़ भी लिया है अब तक |उखाड़ने का जो उपक्रम आप कई सालों से कर रहे हैं ,अब जा के कुछ सफल हुआ है |
मे बी इस चुनाव से पहले आपका कैम्पेन  चल जाये |कुछ ज़िंदा 'लाशें' बन  जाए ,कुछ लाशें 'ज़िंदा' हो जाये |यूपी में आपकी सरकार बन जाए और लगे हाँथ  हिन्दुओं की रक्षा का भार भी हल्का हो  जाये |इतना सब सही हो इसके पहले कुछ खराब होना तो जरूरी है ना |यही सोचकर इस दोस्ताना खत में कुछ सवाल जड़े दे रहा हूँ |मौका मिले तो चौका मार देना |जैसा की आपने कैराना में मारा है |
1974  से आप कैराना में राजनीति कर रहे हैं |इस समय आप किसी तरह से भाजपा के सांसद हो गए हैं |पेशे से वकील हैं |खुद तो आप इलाहाबद से डिग्री चीर आये हैं लेकिन अपने प्रिय इलाकों को पिछड़ा  छोड़ रखा है |कैराना की साक्षरता दर देश छोडो प्रदेश से भी 20  पर्सेंट  कम है |लिंगानुपात गड़बड़ है |अवसरों की कमी है |गरीबी है |अपराध है |किसी तरह आप भी मानने को मजबूर हो गए हैं की  रोजगार के अवसरों की कमी के चलते पलायन हुआ है  |आपके रहते हुए इतना सारा शून्य कैसा पैदा हो गया हुकुम जी ??| और कर क्या रहे थे आप |?? जनता के बीच जनता के लिए आपकी जमापूंजी क्या है |?? कुछ है भी यह वो भी हिन्दुओं के साथ कैराना से पलायन कर गई |कैराना लम्बे समय से जरायम और बहाली से बजबजा रहा है और  अब एकाएक आपको कैराना से  हिन्दुओं का पलायन याद आ रहा  है | बनाइये मत!!! |हमे भी पता है चुनाव आने वाले हैं |जैसे सब बना रहे हैं वैसे आप भी |
'एक बनता हुआ भक्त'

आशुतोष तिवारी
भारतीय जन संचार संस्थान
यह  ब्लॉग वेब पोर्टल 'माय लेटर ' पर पब्लिश हो चूका है |लिंक -http://www.myletter.in/2016/06/open-letter-to-bjp-mp-hukum-singh-on-kairana-up-issue.html )
 राष्ट्रीय सहारा पर - http://www.rashtriyasahara.com/newsview.aspx?eddate=6/23/2016%2012:00:00%20AM&pageno=10&edition=10&prntid=129802&bxid=59260488&pgno=10
दैनिक जागरण की वेबसाइट  पर भी मौजूद है | (http://batman.jagranjunction.com)

(गूगल से सीधे ब्लॉग पर जाने के लिए ब्लॉग पर इस तरह Bhatkan ka aadrsh टाइप करें |)










टिप्पणियाँ